मूंगफली के 9 फायदे 9 Benefits of Peanuts
मूंगफली के 9 फायदे:न्यूट्रिशन से भरपूर, 50 ग्राम से ज्यादा खाना नुकसानदायक, डाइटीशियन से जानें किन्हें नहीं खाना चाहिए
मूंगफली में कई ऐसे विटामिन्स और मिनरल्स होते हैं, जो अच्छे स्वास्थ्य के लिए जरूरी हैं।
दुनिया में चीन के बाद मूंगफली की सबसे ज्यादा खपत और पैदावार भारत में होती है। 2021 में देश में 6.2 मिलियन मीट्रिक टन मूंगफली की खपत हुई थी।
इसलिए आज सेहतनामा में बात पोषक तत्वों से भरपूर मूंगफली की। साथ ही जानेंगे कि-
- मूंगफली सेहत के लिए कितनी फायदेमंद है?
- क्या मूंगफली खाने के कोई नुकसान भी हैं?
- किन लोगों को मूंगफली नहीं खानी चाहिए?
पोषक तत्वों से भरपूर मूंगफली
मूंगफली को ‘गरीबों का बादाम’ कहा जाता है क्योंकि यह बादाम से सस्ती होती है और इसमें सभी जरूरी न्यूट्रिएंट्स पाए जाते हैं। मूंगफली में प्रोटीन, फाइबर, आयरन, मैग्नीशियम, फॉस्फोरस, पोटेशियम, जिंक, कैल्शियम, विटामिन E और विटामिन B6 भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं।
मूंगफली फाइबर का अच्छा स्रोत है। इसके कार्बोहाइड्रेट में सुक्रोज और स्टार्च होते हैं, जो एनर्जी के बेहतरीन सोर्स हैं। इसके अलावा मूंगफली में और कई सारे न्यूट्रिएंट्स होते हैं।
100 ग्राम कच्ची मूंगफली की न्यूट्रिशनल वैल्यू:
प्रोटीन 25.8 ग्राम
फैट 49.2 ग्राम
कार्बोहइड्रेट 16.1 ग्राम
फाइबर 8.5 ग्राम
शुगर 4.72 ग्राम
कैल्शियम 92 मिलीग्राम
मैग्नीशियम 168 मिलीग्राम
फास्फोरस 376 मिलीग्राम
सोडियम 18 मिलीग्राम
मूंगफली सेहत के लिए बेहद फायदेमंद
मूंगफली में हेल्दी फैट होते हैं, जो हार्ट की हेल्थ के लिए फायदेमंद हैं। इसमें भरपूर मात्रा में फाइबर होता है, जो पाचन तंत्र को हेल्दी रखता है।
मूंगफली में फेनोलिक एसिड और फ्लेवोनोइड्स जैसे एंटीऑक्सिडेंट्स पाए जाते हैं। इसके छिलकों में हाई लेवल के एंटीऑक्सिडेंट और एंटी इंफ्लेमेटरी कंपाउंड होते हैं, जो गठिया और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के खतरे को कम करते हैं।
इसके अलावा मूंगफली ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल लेवल को भी कम करने में मदद करती है। कुल मिलाकर मूंगफली ओवरऑल हेल्थ के लिए फायदेमंद है।
मूंगफली के 9 हैल्थ बेनिफिट्स
हार्ट हैल्थ को दुरूस्त रखती है
वजन कम करने में मदद करती है
स्किन के लिए फायदेमंद है
पाचन तंत्र को दुरूस्त रखती है
ब्लड शुगर स्पाइक नहीं करती है
डाइबिटीज को कंट्रोल में रखती है
हड्डियों और मसल्स को मजबूत बनाती है
ब्रेन के लिए भी फायदेमंद है
कैंसर से बचाने में मददगार है
ज्यादा मूंगफली खाना नुकसानदायक
बेशक मूंगफली सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है, लेकिन इसे ज्यादा खाने से कुछ स्वास्थ्य समस्याएं भी हो सकती हैं। जैसेकि-
- स्किन एलर्जी हो सकती है।
- पाचन सबंधी समस्याएं हो सकती हैं।
- वजन बढ़ सकता है।
- किडनी संबंधी समस्याएं हो सकती है।
- हार्ट संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।
मूंगफली से जुड़े कुछ कॉमन सवाल और उसके जवाब
मूंगफली खाने का सही तरीका क्या है? मूंगफली को रात में भिगोकर सुबह खाना ज्यादा बेहतर है। इसे कच्चा या हल्का रोस्ट करके भी खाया जा सकता है। मूंगफली डीप फ्राई करके या नमक डालकर खाने से इसमें कैलोरी और सोडियम की मात्रा बढ़ जाती है, जो सेहत के लिए नुकसानदायक है।
मूंगफली काे अपनी डाइट में कैसे शामिल किया जा सकता है? इसे कई तरह से अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। जैसे कि उबालकर, चटनी बनाकर, पीनट बटर या मूंगफली के तेल के रूप में। इसके अलावा मूंगफली पोहा, उपमा या साबूदाने की खिचड़ी में भी डाली जाती है। मूंगफली की चिक्की बनाकर खाई जाती है। इसे गर्म दूध में मिलाकर भी पिया जा सकता है।
मूंगफली खाने का सही समय क्या है? मूंगफली सुबह नाश्ते में या फिर लंच में खाना सही है। रात को खाना खाने से पहले या सोते समय मूंगफली नहीं खानी चाहिए। इससे डाइजेस्टिव सिस्टम खराब हो सकता है, क्योंकि इसे पचने में समय लगता है।
एक दिन में कितनी मूंगफली खा सकते हैं? एक दिन में अधिकतम 42 से 50 ग्राम तक मूंगफली खाना सुरक्षित है। इससे ज्यादा खाना नुकसानदायक हो सकता है।
क्या पैकेज्ड मूंगफली नुकसानदायक होती है? बाजार में मिलने वाली पैकेज्ड मूंगफली में नमक या मसाले की मात्रा ज्यादा होती है। इसके अलावा मूंगफली की शेल्फ लाइफ बढ़ाने के लिए उसमें प्रिजर्वेटिव्स मिलाए जाते हैं। इसलिए पैकज्ड मूंगफली फायदे से ज्यादा नुकसान करती है।
क्या डायबिटिक लोग भी मूंगफली खा सकते हैं? हां, डायबिटिक लोग मूंगफली खा सकते हैं। मूंगफली का ग्लाइसेमिक इंडेक्स और ग्लाइसेमिक लोड काफी कम होता है। इसका मतलब है कि मूंगफली से ब्लड शुगर लेवल तेजी से नहीं बढ़ता है।
बच्चों को किस उम्र के बाद मूंगफली दे सकते हैं? जब बच्चा ठोस डाइट लेना शुरू कर दे, तब से उसे मूंगफली दे सकते हैं। बच्चों को मूंगफली देते समय विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्हें खड़ी मूंगफली की जगह पाउडर बनाकर दूध के साथ देना चाहिए।
क्या बच्चों को पीनट बटर खिलाना फायदेमंद है? पीनट बटर प्रोटीन का रिच सोर्स है। इसमें मौजूद हेल्दी फैट बच्चों की मसल्स, ब्रेन, नर्वस सिस्टम और आंखों के लिए बेहद फायदेमंद है। हालांकि इसे ज्यादा मात्रा में नहीं देना चाहिए।
मूंगफली किन्हें नहीं खानी चाहिए? वैसे तो मूंगफली कोई भी खा सकता है, लेकिन कुछ लोगों को इससे परहेज करना चाहिए। जैसेकि-
- जिनका वजन ज्यादा है।
- जिन्हें पाचन से जुड़ी समस्याएं हैं।
- जिन्हें मूंगफली से एलर्जी होती है।
- जिनको गठिया या यूरिक एसिड की समस्या है।
इसके अलावा अगर कोई हेल्थ कंडीशन है तो डाइट में मूंगफली शामिल करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें।

Comments
Post a Comment
Also share your review on given link. https://share.google/jVwmjf9NSCTefAXte