डाक्टर के पास जाते समय रखें इन बातों का ध्यान Keep these points in mind when visiting the doctor

 

डाक्टर के पास जाते समय रखें इन बातों का ध्यान

अकसर पेशेंट जब डाक्टर के पास विजिट के लिए जाते हैं तो वे बारीक चीजों पर ध्यान नहीं देते जिस के चलते उन्हें डाक्टर के सामने असहजता का सामना करना पड़ता है। ऐसे में ये 8 टिप्स आप के काम आएंगे।

गाहे-बगाहे हम सभी को कभी न कभी डाक्टर के पास जाना ही पड़ता है। एक डैंटिस्ट के यहां पेशेंट की सीट पर लेटी 30-35 वर्षीया युवा महिला इतने डीप गले का कुरता पहने थी कि कुरते के अंदर से उसका पूरा का पूरा वक्ष ही झांक रहा था, जिसके कारण डाक्टर ही बार-बार स्वयं को असहज महसूस कर रहा था।

यह देखकर कोई भी यही सोचेगा कि अमुक महिला बीमारी का इलाज करवाने आई है या किसी विज्ञापन की मौडलिंग करने। इसी प्रकार कुछ महिलाएं हौस्पिटल में भी बेहिसाब मेकअप और परफ्यूम स्प्रे करके जाती हैं, जिन्हें देखकर ऐसा लगता है मानो वे किसी हौस्पिटल में नहीं बल्कि फैशन परेड में जा रही हों।

कई बार लोग अपने जरूरी कागजात ही डाक्टर के पास ले जाना भूल जाते हैं और फिर ऐसे में पर्याप्त जानकारी के अभाव में डाक्टर को इलाज शुरू करने में परेशानी होती है। आप किसी भी प्रकार की बीमारी का इलाज करवाने जाएं तो डाक्टर के पास जाते समय इन कुछ बातों का ध्यान अवश्य रखें-

सबसे पहले अपनी मैडिकल फाइल के समस्त कागजों को अपडेट करें और इसे अपने साथ अवश्य ले जाएं क्योंकि इसके माध्यम से ही डाक्टर आपकी केस हिस्ट्री जानकर इलाज शुरू कर सकेगा।

2 डैंटिस्ट के पास जाते समय ऐसा वस्त्र पहनें जिसका गला डीप न हो क्योंकि डाक्टर आपके दांतों का इलाज करते समय आपकी चेयर को काफी नीचे कर देता है और उसे आपके सिरहाने बैठना होता है। ऐसे में गहरे गले के बीच से झांकता आपका वक्षस्थल शोभा नहीं देता। इसके अतिरिक्त,डैंटिस्ट के पास हमेशा मुंह साफ करके जाएं और चूंकि दांतों के इलाज के दौरान आपको बार-बार पानी से कुल्ला करना पड़ता है, इसलिए अपने साथ एक रूमाल अवश्य ले जाएं।

3 फिजियोथेरैपिस्ट के पास जाते समय सदैव ढीले-ढाले वस्त्र पहनें। साथ ही, बंद या हाईनैक गले का कुरता या ब्लाउज पहनकर न जाएं क्योंकि ऐसे में आपके कंधे व पीठ पर मशीन लगाने में डाक्टर को परेशानी होती है। यहां पर साड़ी पहनकर जाने से भी बचें क्योंकि कुछ ऐक्सरसाइज ऐसी होती हैं जिनमें आपको पैर ऊपर करने होते हैं। ऐसे में आपकी साड़ी ऊपर हो जाएगी और आप ठीक से ऐक्सरसाइज न कर पाएंगी। यदि आप सूट नहीं पहनती हैं तो साड़ी के अंदर लैगिंग्स या पैंट पहनकर जाएं ताकि आप पैर और कमर को सहजता से उपर उठा सकें।

4 गायनीकोलौजिस्ट के पास अपने अंतरंग हिस्सों को साफ करके और सदैव साड़ी पहनकर ही जाएं। इससे डाक्टर को तो चैकअप करने में सुगमता रहती ही है, साथ ही, आप भी स्वयं को असहज महसूस नहीं करतीं।

5 पैथोलौजिकल टैस्ट करवाने भी ढीले-ढाले वस्त्र पहनकर ही जाएं ताकि बांह से सुगमता से खून लिया जा सके। साथ ही, यदि आपको खाली पेट आने को कहा गया है तो टैस्ट करवाने से पहले कुछ न खाएं ना पिएं।

6 डाक्टर के पास कभी भी हैवी ज्वैलरी पहनकर और मेकअप करके न जाएं।

7 एक्सरे और एमआरआई करवाने जाते समय ध्यान रखें कि आपके शरीर पर किसी भी प्रकार की धातु का गहना, सेफ्टी पिन, हेयर पिन और रबर बैंड आदि न हो। एक्सरे या एमआरआई करवाने के लिए मोबाइल, घडी या किसी भी प्रकार के चेन वाले कपड़ों से परहेज करें। यहां आप कुर्ता पायजामा पहन कर जा सकते हैं। अन्यथा वहाँ आपको उनका दिया कुर्ता पायजामा पहनना पडेगा। जो की पता नहीं कितने मरीजों और किस प्रकार के मरीजों ने पहना होता है।

8 डाक्टर के पास जाने से पहले घर पर शांति से बैठकर अपनी समस्यायों के बारे में अच्छी तरह मनन करें ताकि आप डाक्टर को विस्तार से समस्या बता सकें और उसके आधार पर डाक्टर आपका इलाज शुरू कर सके। अगर आपको सभी बातें याद नहीं रहती तो उसे अपने हिसाब से हैडिंग बना कर लिख लें की फलां बात मुझे पूछनी है। वरना बाहर आ कर फिर आप सोचोगे की ये तो मैंने पूछा ही नहीं। और डॉक्टर के पास अगले मरीज जाने को तैयार बैठे हैं तो अब आप कुछ पूछ भी नहीं सकते। इस प्रकार की असुविधाओं से बचने के लिए घर से अपने आप को तैयार करके जाएं। हमेशा डॉक्टर के पास जाने से पहले वहाँ के दिए गए कांटेक्ट नंबर पर कॉल कर हमेशा पूछें जिस काम के लिए आप जा रहे हैं वो हो सकता है या नहीं।

Comments

Popular posts from this blog

About Us

डॉ. के पी कौशिक

आनुवंशिक मांसपेशी विकार Genetic Muscle Disorder