Unhygienic food अस्वच्छ भोजन
अनहाइजीनिक फूड का प्रचार करते व्लौगर्स
सोशल मीडिया पर फूड इन्फ्लुएंसर्स जगह जगह घूम कर ऐसे ऐसे फूड का प्रचार करते हैं जो वाकई चटकारे लायक होते हैं लेकिन बात हाइजीन की हो तो वे बेहद ही घटिया होते हैं।
स्ट्रीट फूड्स की फूड वीडियोज देखते ही सब के मुंह में पानी आ जाता है और खासकर तब जब व्लौगर्स खाने की तारीफ करते नहीं थक रहे हों। स्ट्रीट फूड्स की फूड वीडियोज देखते ही सब के मुंह में पानी आ जाता है और खासकर तब जब व्लौगर्स खाने की तारीफ करते नहीं थक रहे हों।
हाल ही में मैं ने एक फूड वीडियो देखा जिस में फूड व्लौगर किसी स्ट्रीट फूड की जम कर तारीफ कर रहा था लेकिन जब उस के पीछे जो नजारा दिखा तो उस फूड के जायके का असली सीक्रेट पता चल गया। गंदा नाला, कूड़े का ढेर, भिनभिनाती मक्खियां और व्लौगर कहता- ‘वाह क्या स्वाद है।’
वीडियो ने खोल दी पोल
आप ने भी ऐसे अनेक फूड रिलेटेड वीडियो देखे होंगे जिन में व्लौगर कहते हैं, ‘यह डिश दुनिया की सब से बेहतरीन डिश है और आप को उसे जरूर ट्राई करना चाहिए। लेकिन आप उन के कहने पर कोई भी फूड ऐसे ही ट्राइ न करें वरना आप की सेहत पर खतरा जरूर मंडरा सकता है।
फूड व्लौगिंग के दौर में बहुत से लोग अब फूड व्लौगर के रिव्यूज देख कर उन दुकानों तक पहुंचते हैं जहां उन्हें लजीज व्यंजनों का स्वाद चखने का मौका मिल सकता है। सोशल मीडिया पर इन दिनों ऐसा ही एक वीडियो खूब सुर्खियां बटोर रहा है, जिस में एक शख्स कैमरे के सामने स्ट्रीट फूड की जम कर तारीफ करता हुआ नजर आता है। लेकिन इस वीडियो में नेटिजन्स को कुछ ऐसा दिख गया जिस के बाद लोग अब उस फूड व्लौगर की जम कर क्लास ले रहे हैं।
सेहत के साथ न करें खिलवाड़
दरअसल होता यह है कि जब वह फूड व्लौगर कैमरे के सामने बैठ कर उस ठेले वाले के खाने की तारीफ कर रहा होता है, तभी उसी समय फूड व्लौगर के पीछे खड़ा ठेले वाला अपनी लुंगी के अंदर हाथ डाल कर अपना कूल्हा खुजलाते हुए कैमरे में कैद हो जाता है। यह पहला मामला नहीं है जब ऐसा कोई वीडियो सामने आया हो। इस से पहले भी गोलगप्पे बनाने, रेवड़ी बनाने और गुड़ बनाने जैसे कई वीडियो सामने आ चुके हैं जिन में देखा गया कि लोग हाथ या पैरों का इस्तेमाल कर इन्हें बना रहे हैं।
इन वीडियोज में कोई बड़े से कंटेनर में गंदा हाथ डाल कर फालूदा निकाल रहा होता है तो कोई रेवड़ी को नंगे पैर से चपटा करते हुए दिख रहा होता है। लेकिन फूड व्लौगर्स सोशल मीडिया पर उन खाने की तारीफ करते नहीं थकते।
जानलेवा हो सकता है यह भोजन
इन फूड के ठेलों और दुकानों पर रेहड़ी वाला अकसर अखबार में लपेट कर खाना दे देता है, लेकिन बहुत कम लोग इस बात से वाकिफ होंगे कि जिस अखबार पर उन्हें यह खाना परोसा जा रहा है उस पर रख कर खाना जानलेवा भी हो सकता है। यही वजह है कि अब भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण ने सभी फूड वैंडर्स और खाना खरीदने वालों को इस बारे में आगाह किया है।
वीडियो व्लौगर्स द्वारा नुकसानदेह फूड का प्रमोशन उन की बिक्री को बढ़ा रहा है। लेकिन इन सब के बीच सब से चिंताजनक बात यह है कि ऐसे भोजन का सेवन लोगों के बीच बढ़ता जा रहा है।आजकल डिजिटल प्लेटफौर्म और सोशल मीडिया पर व्लौगर्स बिना लोगों की सेहत का ध्यान रखे अस्वास्थ्यकर भोजन का प्रचार कर रहे हैं और इस प्रचार के नतीजों से बच्चों में अस्वास्थ्यकर भोजन की खपत बढ़ रही है।
स्ट्रीट फूड्स खाने से पहले संभल जाएं
अगर आप भी स्ट्रीट फूड्स खाने के शौकीन हैं और फूड व्लौगर्स के रिकमडेशन पर वहां का फूड खाने की सोच रहे हैं तो थोड़ा संभल जाएं और खाने से पहले इतना ध्यान जरूर दें कि वह कितने हाइजीनिक तरीके से बनाया जा रहा है और उसे बनाने में साफ-सफाई का कितना ध्यान रखा जा रहा है। आजकल फूड व्लौगर्स व्यूज और कमाई के चक्कर में सोशल मीडिया पर ऐसे फूड वीडियोज डाल रहे हैं जहां उन फूड वीडियोज के खाने की जम कर तारीफ की जाती है जबकि अगर ध्यान से देखा जाए तो वह भोजन बहुत ही अनहाईजीनिक तरीके से बनाया जा रहा होता है। इस से लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
डाक्टर्स का भी मानना है कि इस तरह के वीडियोज को देख कर बाहर का अनहाइजीनिक फूड खाना लोगों में स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ा रहा है। स्ट्रीट फूड्स में इस्तेमाल होने वाली चीजें और उन्हें अनहाईजीनिक तरीके से बनाना भी सेहत को काफी ज्यादा नुकसान पहुंचाता है।

Comments
Post a Comment
Also share your review on given link. https://share.google/jVwmjf9NSCTefAXte