शरीर के तापमान को संतुलित रखता प्याज Onions maintain the body's temperature balance
गर्मियों के सुपरफूड- शरीर के तापमान को संतुलित रखता प्याज:
जानें 10 फायदे: एंटी-कैंसर, एंटी-बैक्टीरियल गुणों से भरपूर, रोज खाएं और स्वस्थ रहें
गर्मियों के सुपरफूड की लिस्ट में प्याज को भी शामिल करना चाहिए। आयुर्वेद में इसे शरीर को ठंडा रखने के लिए जाना जाता है। चिलचिलाती धूप और तेज गर्मी में प्याज शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करती है क्योंकि इसमें पानी की मात्रा अधिक होती है।
प्याज का इस्तेमाल आमतौर पर खाने की ग्रेवी बनाने, तड़का लगाने और सलाद के रूप में किया जाता है। प्याज कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होती है और सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है।
एक स्टडी के मुताबिक, प्याज में एंटी कैंसर, एंटी फंगल, एंटी ओबेसिटी, एंटी बैक्टीरियल, एंटी इंफ्लेमेटरी और एंटी डायबिटिक गुण होते हैं।
इतना ही नहीं प्याज में कॉर्डियोवस्कुलर प्रोटेक्टिव, न्यूरो प्रोटेक्टिव, रेस्पिरेटरी प्रोटेक्टिव और डाइजेस्टिव सिस्टम प्रोटेक्टिव समेत कई प्रॉपर्टीज भी होती हैं। कुल मिलाकर प्याज हमारी ओवर ऑल हेल्थ के लिए बेहद फायदेमंद है।
इसलिए आज 'गर्मियों के सुपरफूड' सीरीज में हम प्याज के बारे में बात करेंगे। साथ ही जानेंगे कि-
- प्याज की न्यूट्रिशनल वैल्यू क्या है
- ये सेहत के लिए कितनी फायदेमंद है?
- प्याज किन्हें नहीं खानी चाहिए?
प्याज पोषक तत्वों से भरपूर होती है
यूनाइटेड स्टेट्स डिपार्टमेंट ऑफ एग्रीकल्चर (USDA) के मुताबिक, प्याज में विटामिन B6 और फोलेट के साथ-साथ पोटेशियम, फाइबर, मैग्नीशियम और मैंगनीज जैसे कई मिनरल्स होते हैं। ये पोषक तत्व हमारी ओवर ऑल हेल्थ के लिए बेहद जरूरी हैं।
इसमें फ्लेवोनोइड्स, ग्लूटाथियोन, सेलेनियम, विटामिन E और C जैसे एंटीऑक्सिडेंट्स भी होते हैं, जो इसे सेहत के लिए रामबाण बनाते हैं।
प्याज सेहत को रखती सुरक्षित
प्याज में मौजूद विटामिन C और फ्लेवोनोइड्स जैसे एंटीऑक्सिडेंट्स शरीर को फ्री रेडिकल्स से बचाते हैं। ये फ्री रेडिकल्स शरीर में सूजन और कई बीमारियों का कारण बनते हैं। प्याज में सल्फर और क्वेरसेटिन नामक एंटीऑक्सिडेंट्स होते हैं, जो ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल लेवल को कंट्रोल रखते हैं। प्याज में मौजूद पोटेशियम ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में मदद करता है।
प्याज में फाइबर की भरपूर मात्रा होती है, जो पाचन तंत्र को मजबूत बनाए रखने में मदद करती है। इसमें प्रोबायोटिक्स होते हैं, जो आंतों में गुड बैक्टीरिया को बढ़ाते हैं, जिससे पाचन प्रक्रिया बेहतर होती है। प्याज में एंटीबैक्टीरियल और एंटीवायरल गुण होते हैं, जो शरीर को बैक्टीरिया और वायरस से बचाते हैं। खासकर यह सर्दी, जुकाम, खांसी और गले की खराश जैसी समस्याओं में राहत दिलाती है।
इसके अलावा प्याज में मौजूद कैल्शियम, मैग्नीशियम और फास्फोरस जैसे मिनरल्स हड्डियों को मजबूती देते हैं। वहीं विटामिन C और सिलिका स्किन व बालों के लिए फायदेमंद है। यह काले धब्बे, झुर्रियों और मुहांसों को रोकने में मदद करती है।
प्याज से जुड़े कॉमन सवाल-जवाब
गर्मियों में प्याज खाना क्यों फायदेमंद है? सीनियर डाइटीशियन डॉ. पूनम तिवारी बताती हैं कि गर्मी के मौसम में रोजाना प्याज खाने से पसीना कम आता है क्योंकि यह शरीर के तापमान को संतुलित करने में मदद करती है। प्याज की तासीर ठंडी होती है, जो शरीर को अंदर से ठंडा रखने में मदद करती है।
इसमें पानी की मात्रा अधिक होती है, जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करती है। साथ ही प्याज में पोटेशियम जैसे इलेक्ट्रोलाइट होते हैं, जो शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स के संतुलन को बनाए रखने में मदद करते हैं। इसलिए गर्मी में रोज कच्ची प्याज खाने से हीट स्ट्रोक और लू लगने का खतरा कम होता है।
क्या डायबिटिक लोग भी प्याज खा सकते हैं? डायबिटिक लोगों के लिए गर्मी का मौसम चुनौतीपूर्ण होता है क्योंकि खानपान में बदलाव और अधिक गर्मी के कारण उनके ब्लड शुगर लेवल में उतार-चढ़ाव होता है।
ऐसे में प्याज ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल करने में मदद करती है। इसमें मौजूद क्रोमियम कंपाउंड इंसुलिन सेंसिटिविटी को बेहतर बनाती है, जिससे ब्लड शुगर लेवल कंट्रोल में रहता है।
क्या प्याज खाने से हार्ट हेल्थ सुधरती है? प्याज में मौजूद पोटेशियम व सल्फर कोलेस्ट्रॉल और ब्लड प्रेशर को कंट्रोल रखने में मदद करते हैं। इससे हार्ट डिजीज का खतरा कम होता है।
इसमें मौजूद कई अन्य फाइटोकेमिकल्स ब्लड वेसल्स की सूजन कम करके ब्लड फ्लो को बेहतर बनाते हैं। इससे हार्ट हेल्थ दुरुस्त होती है।
क्या प्याज वजन घटाने में भी मददगार है? प्याज में कैलोरी कम और फाइबर की मात्रा ज्यादा होती है। फाइबर पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराता है। इससे भूख कम लगती है।
प्याज में कुछ ऐसे कंपाउंड्स होते हैं, जो मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। इससे शरीर अधिक कैलोरी बर्न करता है, जो वजन घटाने में मददगार है।
ध्यान रखें कि सिर्फ प्याज खाने से ही वजन कम नहीं होगा। इसके लिए हेल्दी और बैलेंस्ड डाइट लेने के साथ-साथ नियमित वर्कआउट करना भी जरूरी है।
प्याज हमारे डाइजेस्टिव सिस्टम के लिए क्यों बेहतर है? प्याज में फाइबर और इनुलिन व फ्रुक्टोलिगोसेकेराइड्स (FOS) जैसे प्रीबायोटिक होते हैं, जो पाचन तंत्र को बेहतर बनाते हैं। इसके अलावा प्याज आंतों और पेट में जमा गंदगी को भी साफ करने में मदद करती है।
क्या रात में प्याज खाना सुरक्षित है? डॉ. पूनम तिवारी बताती हैं कि आमतौर पर रात में प्याज खाना सुरक्षित है। हालांकि कुछ लोगों को रात में प्याज खाने से गैस, पेट में ऐंठन या एसिडिटी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए पाचन संबंधी समस्याओं से परेशान लोग रात में प्याज का सेवन कम ही करें।
क्या रोज प्याज खाना सही है? हां बिल्कुल, रोज प्याज खाना आमतौर पर सुरक्षित है और सेहत के लिए फायदेमंद भी है। हालांकि ज्यादा प्याज खाने से गैस, पेट में जलन या एसिडिटी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए इसे सीमित मात्रा में ही खाना चाहिए।
एक दिन में कितने प्याज खाए जा सकते है? डॉ. पूनम तिवारी बताती हैं कि आमतौर पर एक व्यक्ति एक दिन में 1 से 2 प्याज खा सकता है। हालांकि अगर आपका पाचन तंत्र अच्छा है तो 3-4 भी खा सकते हैं।
किन लोगों को प्याज नहीं खाना चाहिए? जो लोग पाचन संबंधी समस्याओं से पीड़ित रहते हैं, उन्हें प्याज खाने से बचना चाहिए। वहीं कुछ लोगों को प्याज से एलर्जी होती है। इससे उन्हें स्किन रैशेज, खुजली या उल्टी, दस्त जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा प्रेग्नेंट महिला, जिनकी हाल ही में सर्जरी हुई है और ऐसे लोग जो हार्ट, बीपी या डायबिटीज की दवा लेते हैं, उन्हें सीमित मात्रा में ही प्याज खाना चाहिए। ये नहीं की हमने बोला और आपने प्याज की रेल बनानी शुरू कर दी। हर चीज को संतुलित मात्रा में लेना ही फायदेमंद रहता है।

Comments
Post a Comment
Also share your review on given link. https://share.google/jVwmjf9NSCTefAXte